नया फार्मूला : कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में अब भोपाल से होगी महासचिव की नियुक्ति, भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस में भी जिला कार्यकारिणी की घोषणा भोपाल से
कांग्रेस में 'संगठन मंत्री' पर विवाद के बाद बदला पदनाम, जिलाध्यक्ष कार्यकारिणी के लिए करेंगे नामों की अनुशंसा

कटनी, यशभारत। कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के चलते कई चौंकाने वाले निर्णय भी सामने आ रहे है। सूत्र बताते हैं कि पार्टी की जिला कार्यकारिणी में महासचिव की नियुक्ति अब सीधे भोपाल से की जाएगी। इन्हें ही कार्यालय का प्रभार भी दिया जाएगा। इस बार पार्टी भाजपा की तर्ज पर जिला कार्यकारिणी की नियुक्ति भोपाल से करने वाली है, इसके लिए शहर और ग्रामीण अध्यक्षों से कहा गया है कि वे जल्द से जल्द कार्यकारिणी बनाकर भेजें जिसका अनुमोदन किया जा सके। पार्टी कार्यालय से मिले इन निर्देशों के बाद जिलाध्यक्षों ने सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की सूची को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि नए फार्मूले के अनुसार प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए 8 जिलों में जिला संगठन महासचिवों की नियुक्ति कर दी गई। कटनी जिले के शहर और ग्रामीण संगठनों में भी महासचिव बनाए जाने हैं, इसके लिए नेता सक्रिय हो गए हैं। जिलाध्यक्ष भी अपने फेवर का महासचिव बनाना चाहते हैं, भले ही इसकी घोषणा सीधे भोपाल से हो। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति के बाद 8 जिला संगठन मंत्री नियुक्त किए गए थे। संगठन मंत्रियों की नियुक्ति पर कांग्रेस के ही प्रदेश प्रभारी ने रोक लगा दी थी। अब संगठन मंत्रियों का पदनाम बदलकर जिला महासचिव के नाम से नियुक्ति की गई है। संगठन मंत्रियों की नियुक्ति के मामले में सोचा गया था कि संगठन मंत्री जिलों में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सेतु का काम करेंगे, लेकिन इस सिस्टम का विरोध हुआ तो संगठन के प्रदेश प्रभारी ने इसे लागू करने पर रोक लगाते हुए महासचिवों को नियुक्त करने का फार्मूला लागू कर दिया। अब जिलों में महासचिव को भी पावरफुल बनाया जा रहा है ताकि वे अध्यक्षों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर सकें। पार्टी जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी प्रदेश कार्यालय से करेगी। अध्यक्षों से नाम मांगे जा रहे हैं।
छोटी होगी कार्यकारिणी, सक्रिय लोगों को स्थान
इस सिलसिले में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि जिला कार्यकारिणी का स्वरूप बहुत वृहद नहीं होगा। सूची प्रदेश कार्यालय से जारी होगी। जिलाध्यक्ष सक्रिय कार्यकर्ताओं के नाम भेजेंगे। उधर जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि जंबोजेट कार्यकारिणी घोषित होने की परम्परा में सुधार हो रहा है। अब संगठन के प्रति समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं को पद मिलेंगे। आगामी नगरीय निकाय और तीन साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूरे सेटअप तैयार किया जा रहा है।







