मध्य प्रदेशराज्य

देशभक्ति पर ताला : ‘आज़ादी’ मनाकर शिक्षक हुए नदारद, स्कूल में लटका रहा ताला, बच्चे और पालक होते रहे परेशान

यशभारत डिंडोरी| स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जहां जिलेभर के शासकीय विद्यालयों और संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराकर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं डिंडोरी जिले के बजाग विकासखंड अंतर्गत चाड़ा संकुल के खपरीपानी प्राथमिक विद्यालय में अव्यवस्था का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद विद्यालय में ताला लगा दिया गया और शिक्षक वहां से चले गए। बाद में विद्यालय पहुंचे बच्चे और पालक स्कूल के बाहर खड़े होकर शिक्षकों का इंतजार करते रहे।

Screenshot 20260818 185758.WhatsApp

 

ग्रामीणों का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व पर विद्यालय में बच्चों के लिए निर्धारित कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए। जब बच्चे और उनके पालक विद्यालय पहुंचे तो मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद पालकों और बच्चों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

 

ग्रामीणों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण तक सीमित रहने वाला पर्व नहीं है। इस दिन बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, देश के वीर सपूतों और संविधान तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों की जानकारी देने के साथ देशभक्ति की भावना से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। ऐसे में विद्यालय बंद मिलना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

जिम्मेदारों की भूमिका पर उठे सवाल

 

मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका सवाल है कि 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर विद्यालय में बच्चों की मौजूदगी और कार्यक्रमों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? यदि शिक्षक विद्यालय से चले गए थे तो बच्चों और पालकों के लिए विद्यालय बंद रहने की स्थिति क्यों बनी?

 

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग इस संबंध में क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button