मध्य प्रदेशराज्य

दर्दनाक हादसा: वाहन की टक्कर से तीन मवेशियों की मौत, व्यवस्था पर उठे सवाल?

यशभारत डिंडोरी/ करंजियाl नगर के मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मवेशियों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार किसी अज्ञात भारी वाहन ने सड़क पर बैठे मवेशियों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

 

घटना के बाद सड़क पर मवेशियों के शव पड़े रहने से लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय नागरिकों ने इस दुर्घटना को केवल एक सड़क हादसा नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिम्मेदारों पर सवाल खड़े किए हैं।

 

ग्रामीणों का कहना है कि करंजिया क्षेत्र में लंबे समय से आवारा और बेसहारा मवेशियों का सड़क पर जमावड़ा बना रहता है। इसके बावजूद ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभागों द्वारा इनके प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों का आरोप है कि कई पशुपालक दूध निकालने के बाद मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं, जिसके कारण वे दिन-रात सड़कों पर घूमते रहते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार बनते हैं।

 

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए नियमित चेकिंग और निगरानी की आवश्यकता है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सकता था।

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाएं

 

स्थानीय निवासी सौरभ कुशवाहा ने कहा कि वाहन चालक के साथ-साथ मवेशियों को खुले में छोड़ने वाले मालिकों पर भी एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

 

वहीं नीरज गुप्ता का कहना है कि करंजिया में कांजी हाउस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मवेशी दिन-रात सड़कों पर रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

 

प्रताप मार्को, डिपो कॉलोनी करंजिया, ने कहा कि मुख्यालय की सड़कों पर बड़ी संख्या में गौवंश बैठे रहते हैं, लेकिन उनके संरक्षण और प्रबंधन के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं देती।

 

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अज्ञात वाहन एवं चालक की पहचान करने तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृत मवेशियों के मालिकों का पता लगाकर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई करने की मांग उठाई गई है।

 

नागरिकों ने ग्राम पंचायत से विशेष अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, कांजी हाउस एवं गौशाला व्यवस्था मजबूत करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।

 

फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपेक्षा कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button