दर्दनाक हादसा : निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत; सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को सुबह एक ह्रदयविदारक हादसा सामने आया है। यहाँ एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत में कार्य कर रहे 28 वर्षीय श्रमिक की ऊंचाई से गिर जाने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
संतुलन बिगड़ने से सीधे सड़क पर आ गिरा श्रमिक
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा तीनबत्ती से कोतवाली जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुआ, जहाँ एक निजी बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार को ग्राम कनेरा गौंड निवासी संजय अहिरवार (28 वर्ष) चौथी मंजिल पर सेंटरिंग का काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से संजय सीधे नीचे कंक्रीट की सड़क पर आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह कोतवाली थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। व्यस्त मार्ग होने के कारण घटना के तुरंत बाद वहाँ राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लहूलुहान हालत में संजय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल भी अस्पताल पहुँचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया।
संजय की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुँचे शोकाकुल परिजनों ने निर्माण कार्य में लगे जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए कि क्या निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। साथ ही, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित आर्थिक सहायता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि पुलिस ने घटनाक्रम को संज्ञान में लेकर मर्ग दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है या नहीं, इसकी गहनता से जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित ठेकेदार या बिल्डिंग मालिक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







