दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत; गांव में पसरा सन्नाटा, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत बलेह चौकी के ग्राम गुड़ा खुर्द में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहाँ चंदेना तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की असमय मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद रविवार को पूरे गांव में उस वक्त मातम छा गया, जब पोस्टमार्टम के बाद दोनों मासूम बच्चों का शव गृह ग्राम लाया गया और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ उठी दो मासूमों की अर्थियों को देख पूरा गांव रो पड़ा और हर आंख नम हो गई।
मवेशी लेने गए थे बच्चे, पैर फिसलने से हुआ हादसा
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम गुड़ा खुर्द निवासी दो बच्चे— 11 वर्षीय लवकुश आदिवासी (पिता राहुल सिंह आदिवासी) और 12 वर्षीय शिवम यादव (पिता बाबू यादव) मवेशी लेने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे सलैया के पास स्थित चंदेना तालाब के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि तालाब के किनारे पत्थर से अचानक पैर फिसल जाने के कारण दोनों बच्चे अनियंत्रित होकर तालाब के गहरे पानी में गिर गए। तैरना नहीं आने और पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों मासूम देखते ही देखते पानी में समा गए।
एक साथ गांव के दो मासूमों की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया था। दो अलग-अलग परिवारों के इकलौते चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रहली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रविवार सुबह दोनों मृत बच्चों के शवों का विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद जब पुलिस की मौजूदगी में शवों को वापस उनके गृह ग्राम गुड़ा खुर्द लाया गया, तो परिजनों की करुण चीत्कारों से पूरा माहौल गमगीन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे गांव में इस कदर शोक है कि रविवार को किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला।
नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
परिजनों और ग्रामीणों की उपस्थिति में गांव के श्मशान घाट पर दोनों बच्चों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। बचपन के इन दोनों दोस्तों को ग्रामीणों और शोकाकुल परिजनों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस दुखद और मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और सैकड़ों ग्रामीणों के आंसू नहीं रुक सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद से ही बलेह चौकी और रहली थाना पुलिस पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने मवेशी लेने गए इन दोनों नाबालिगों की मौत के मामले में मर्ग कायम कर इस दर्दनाक हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।







