मध्य प्रदेशराज्य

डिंडोरी अव्वल : प्रदेश स्तर मे शिक्षा विभाग का उत्कृष्ट प्रदर्शन

यशभारत ,डिण्डौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के सतत मार्गदर्शन, नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में डिण्डौरी जिले ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं।

 

शिक्षा विभाग के अनुसार यू-डाईस (UDISE) स्टूडेंट्स प्रोग्रेशन की ऑनलाइन फीडिंग का कार्य जिले में शत-प्रतिशत पूर्ण किया गया है, जिसके आधार पर डिण्डौरी ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAAR ID) बनाने के कार्य में भी जिला प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान पर रहा है।

 

प्रदेश के 322 विकासखंडों में अपार आईडी निर्माण की प्रगति में डिण्डौरी जिले के विकासखंड मेंहदवानी ने प्रदेश में प्रथम तथा शहपुरा विकासखंड ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। वहीं कक्षा-1 में नामांकन के क्षेत्र में भी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। गत वर्ष के 11,794 नामांकन के मुकाबले इस वर्ष 12,615 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज किया गया, जो 107 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।

 

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक एवं जिला प्रोग्रामर द्वारा प्रतिदिन रिपोर्ट के आधार पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की सराहना की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसी प्रकार निरंतर प्रयास करते हुए जिले की उत्कृष्ट स्थिति को भविष्य में भी बनाए रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button