जीजा ने की थी साले की हत्या, आरोपी जीजा गिरफ्तार
पनागर थाना के ग्राम बघोड़ा में हुई हत्या का पनागर पुलिस ने किया पर्दाफाश

जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत विगत २८ फरवरी को ग्राम बघोड़ा में मजदूर की हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जानकारी के अनुसार मृतक सुनील की हत्या विगत २८ मार्च को शराब पार्टी के दौरान उसके जीजा सुखदेव सिंह परस्ते ने की थी।
पनागर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अंबुज पांडे ने बताया कि मृतक सुनील कुमार गौड़ अपनी पत्नी को किसी न किसी बात पर आए दिन विवाद कर परेशान करता था। जिससे त्रस्त होकर वह अपने बीजाडांडी स्थित अपने मायके चली गई थी। मायके में उसने अपने भाई सुखदेव सिंह परस्ते को बताया कि पति सुनील मेरे को बहुत परेशान कर रहे हैं। जिसके बाद विगत २८ फरवरी को सुखदेव सिंह ने शराब पार्टी करने के बहाने सुनील को पनागर के ग्राम बघौड़ा के जंगल में बुलाया और दोनों ने पहले शराब पी और इसके बाद ईट की दीवाल पर सिर पटक कर सुखदेव ने सुनील को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद डुंगरिया बीजाडांडी निवासी सुखदेव ने सुनील की लाश को बोरे में भरकर बागोड़ा की पुलिया के नीचे फेंक दिया था। जानकारी के अनुसार विगत २ मार्च को पनागर पुलिस ने बघोडा ग्राम पनागर की पुलिया के नीचे से सुनील की लाश बोरे से बरामद की थी तभी से पुलिस मामले की जांच कर रही थी। विगत २८ फरवरी को परिजनों ने नूनसर पुलिस चौकी में सुनील के गायब होने की भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बहरहाल अब आरोपी पुलिस गिरफ्त में है। पनागर प्रभारी अंबुज पांडेय के अनुसार जीजा सुखदेव और साले सुनील के बीच बिल्कुल नहीं बनती थी।