जनहित याचिका ने खोला लल्लू भैया की तलैया के सौंदर्यीकरण का रास्ता, उच्च न्यायालय से मिले नोटिस के बाद नगर निगम ने आज से शुरू किया काम

कटनी, यशभारत। शहर की प्रसिद्ध लल्लू भैया की तलैया के सौंदर्यीकरण को लेकर दायर की गई जनहित याचिका पर न्यायालयीन एक्शन के तहत नगर निगम को मिले नोटिस के बाद आज से तलैया की खुदाई का काम शुरू हो गया। गौरतलब है कि कुछ लोगों द्वारा इसे पाटकर इसका मूल स्वरूप नष्ट किया जा रहा था। नगर निगम का अमला और जेसीबी मशीन एक बार फिर तलैया के सौंदर्यीकरण की शुरुआत करते आज नजर आई।
इस सिलसिले में जनहित याचिका लगाने वाले एडवोकेट और पार्षद मौसूफ अहमद बिट्टू ने बताया कि उन्होंने एक जनहित याचिका (पी.आई.एल.) माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में प्रस्तुत की थी, जिसमें लल्लू भैया की तलेया का जीर्णोद्धार कराये जाने की मांग की गई थी। याचिका में उन्होंने बताया था कि कटनी नगर के बीडी अग्रवाल वार्ड स्थित लल्लू भैया की तलैया वर्तमान में बहुत ही दयनीय स्थिति में है जिसका जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जाना आवश्यक है। पूर्व में वर्ष 2024 में वेटलैंड समिति की बैठक में इस सिलसिले में महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया था परंतु अब तक इस पर कोई भी कार्यवाही नहीं की जा सकी। तलैया की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। तरह तरह के जानवरों का विचरण हो रहा है। गंदगी की भरमार है,अराजकता चरम पर है। उन्होंने इस सम्बन्ध में कलेक्टर और आयुक्त नगर निगम को आवेदन पत्र भी दिये थे , किन्तु कार्यवाही नहीं होने पर जनहित याचिका प्रस्तुत की गई। याचिकाकर्ता मौसूफ़ अहमद ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय ने याचिका स्वीकार करते हुए अनावेदकगण क्रमश: म.प्र. शासन, कलेक्टर कटनी, आयुक्त कटनी, राज्य वैटलैंड प्राधिकरण एफको भोपाल एवं क्षेत्रीय प्रबंधक म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कटनी को नोटिस जारी किये। माननीय उच्च न्यायालय की युगल पीठ (न्यायमूर्ति श्री संजीव सचदेवा व न्यायमूर्ति श्री विनय सराफ) के द्वारा जनहित याचिका में संज्ञान लेते हुए जारी किए गये नोटिस के बाद एक्शन लेते हुए आज तलैया में कार्य शुरू हुआ और तलैया की खुदाई चालू हो गई है। याचिकाकर्ता ने आयुक्त नगर निगम का आभार व्यक्त किया है।








