चोर का अजब गजब कारनामा : AC कूलर गोदाम में चोरी करने घुसे चोर को आई नींद : सुबह मालिक ने रंगे हाथों पकड़ा

सतना यश भारत । शहर के खेरमाई रोड स्थित एक एसी-कूलर गोदाम में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां चोरी करने घुसे बदमाशों में से एक चोर गहरी नींद लगने के कारण मौके से भाग नहीं सका और सुबह गोदाम खुलने पर मालिक के हत्थे चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम में देर रात कुछ चोर चोरी की नीयत से घुसे थे। चोरों ने गोदाम में रखे लाखों रुपये मूल्य के एसी, कूलर और अन्य सामान को समेटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक चोर को इतनी गहरी नींद आ गई कि वह गोदाम के अंदर ही फर्श पर सो गया।
बताया जा रहा है कि उसके अन्य साथी गोदाम से कीमती सामान लेकर फरार हो गए, जबकि सोया हुआ चोर वहीं छूट गया। शुक्रवार सुबह जब गोदाम मालिक ने दुकान खोली तो अंदर एक अज्ञात युवक को सोता हुआ देखकर हैरान रह गया। मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब फरार साथियों की तलाश कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी हुआ सामान कहां ले जाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि चोरी के दौरान चोर के सो जाने और पकड़े जाने का यह मामला काफी अनोखा माना जा रहा है।







