पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 2 चोरियों का खुलासा, जैन मंदिर दानपेटी चोरी का भी पर्दाफाश

सागर, यशभारत lथाना मोतीनगर क्षेत्र के केशवगंज वार्ड में ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चुराने वाले शातिर गिरोह का मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया संपूर्ण माल (कीमत करीब ₹70,000) बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, फरियादी देवेन्द्र साहू (59) निवासी केशवगंज वार्ड (ढोलक बीड़ी ऑफिस के पीछे) 5 सितंबर को अपनी पत्नी के साथ वृंदावन और खाटूश्याम की यात्रा पर गए थे। 11 सितंबर की सुबह वापस आने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। अलमारी में रखे सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, अंगूठी, टॉप्स, चांदी की पायल, बिछिया और ₹1,000 के सिक्के सहित कुल ₹70,000 का सामान गायब था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मोतीनगर पुलिस ने तुरंत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 12 सितंबर को पुलिस ने संदेही सूरज अहिरवार (21) निवासी संतकबीर वार्ड, प्रिंस उर्फ गरी (19) निवासी सूबेदार वार्ड और एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सभी सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद कर ली।
सघन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक और बड़ी चोरी का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि 26 अप्रैल 2026 की रात उन्होंने मंगलगिरी पहाड़ी पर स्थित जैन मंदिर का ताला तोड़कर बड़ी दान पेटी चोरी की थी। पुलिस ने इस मामले में भी आरोपियों की गिरफ्तारी दर्ज कर ली है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







