चूजों को बचाने जहरीले सांप से भिड़ गई मुर्गी : जान देकर निभाया मां का फर्ज,सीसीटीवी में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना, पांच चूजों को बनाया सांप ने शिकार…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के चुरका ग्राम से मां की ममता और साहस का अनोखा उदाहरण सामने आया है। यहां एक मुर्गी ने अपने चूजों को बचाने के लिए जहरीले सांप से अकेले ही मुकाबला कर लिया। इस संघर्ष का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि अपने बच्चों की रक्षा करते हुए मुर्गी ने अपनी जान गंवा दी, लेकिन उसकी ममता ने सभी को भावुक कर दिया।
जानकारी के अनुसार चुरका ग्राम निवासी राम अहिरवार के घर के एक कमरे में मुर्गा, मुर्गी और उसके कई चूजे रखे हुए थे। मंगलवार देर रात एक जहरीला सांप कमरे में घुस आया और चूजों पर हमला कर उन्हें अपना शिकार बनाने लगा। जैसे ही मुर्गी की नजर सांप पर पड़ी, उसने बिना अपनी जान की परवाह किए उस पर हमला बोल दिया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि मुर्गी लगातार सांप पर चोंच और पंखों से वार करती रही, ताकि उसके चूजे सुरक्षित बच सकें।
काफी देर तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। इस दौरान सांप ने पांच चूजों को अपना शिकार बना लिया। वहीं, सांप से लड़ते-लड़ते मुर्गी गंभीर रूप से घायल हो गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। सुबह जब राम अहिरवार कमरे में पहुंचे तो मुर्गी मृत अवस्था में मिली और पांच चूजे गायब थे। इसके बाद उन्होंने कमरे में मौजूद सांप को देखा और तत्काल सर्प मित्र को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सर्प मित्र ने सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार बरसात के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण सांप अक्सर भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों या पशु-पक्षियों के बाड़ों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे समय लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहना चाहिए और सांप दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए, बल्कि प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना देना चाहिए।
चुरका ग्राम की यह घटना केवल एक वन्यजीव घटना नहीं, बल्कि मां की ममता, साहस और अपने बच्चों की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में डट जाने की भावना का जीवंत उदाहरण बन गई है। सीसीटीवी में कैद यह दृश्य देखने वालों को भावुक कर रहा है और यह संदेश भी दे रहा है कि मां चाहे इंसान हो या कोई पक्षी, उसकी ममता हर परिस्थिति में सर्वोपरि होती है।







