खाकी भी लीन हुई रामधुन में, थानों में आयोजन रंगनाथ नगर एवं एनकेजे थाने में हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ, भंडारे में हजारों ने लिया प्रसाद

कटनी, यशभारत। अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में रंगनाथ नगर थाने में स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ, हनुमान चालीसा का पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया।
दोपहर से शुरू हुआ कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। थाना प्रभारी नवीन नामदेव एवं स्टाफ ने पवनपुत्र श्री हनुमान की पूजा अर्चना की, इसके उपरांत कार्यक्रम शुरू हुआ। भजन मंडली द्वारा एक से बढक़र भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिसमे पुलिस के कर्मचारियों ने नृत्य करते हुए खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमे बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करते हुए पुण्यलाभ अर्जित किया।
लगे कुटिया दुल्हन सी, अवध में राम आये हैं
इसी कड़ी में उपनगरीय क्षेत्र एनकेजे थाने में भी रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एनकेजे थाने में स्थित हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। थाना प्रभारी नीरज दुबे एवं स्टाफ एवं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा अर्चना करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत श्री श्यामा श्याम रामायण भजन मंडल द्वारा सुंदर कांड का पाठ किया गया एवं इसके उपरांत भगवान श्री राम की भक्ति पर आधारित एक से बढक़र एक भजनों की शानदार प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ ही एनकेजे के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कोतवाली में आज कार्यक्रम, कल भंडारा
कोतवाली थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में आज अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर हनुमान चालानी सा एवं सुंदर कांड का पाठ किया जा रहा है। इसके उपरांत कल विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।







