सिवनी यश भारत:-नववर्ष में जिले के कुरई थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जबलपुर–नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिड्डीटेक के पास गुरुवार रात हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र सीमा से लगे खवासाटोला गांव निवासी परमानंद बरकड़े (45) अपनी पत्नी गीता बरकड़े (38), आठ वर्षीय पुत्री माही और चार वर्षीय पुत्र दीपांशु के साथ बाइक क्रमांक एमपी-22 जेडसी-2632 से बादलपार पुलिस चौकी अंतर्गत दरगढ़ा गांव स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। जब वे रिड्डीटेक के पास फोरलेन पर पहुंचे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।
बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि ट्रक का इंजन खराब हो जाने के कारण उसे फोरलेन के किनारे खड़ा किया गया था और उसमें सुधार कार्य चल रहा था। वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए इंडीकेटर भी लगाए गए थे, लेकिन अंधेरा होने और तेज रफ्तार के चलते बाइक चालक ट्रक को समय रहते नहीं देख सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुरई पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। मृतकों की पहचान परमानंद बरकड़े, उनकी पत्नी गीता, पुत्री माही और पुत्र दीपांशु के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विवेचना शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि परमानंद बरकड़े अपने परिवार के साथ ससुराल में नववर्ष मनाने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया। इस घटना से खवासाटोला और दरगढ़ा गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर खड़े वाहनों को लेकर सख्ती और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
Back to top button