ग्वालियरमध्य प्रदेश
कलेक्ट्रेट के बाबू को लगी गोली, मौत:कमरे में परिवार के 5 सदस्य सो रहे थे संदिग्ध हालात में एक को लगी गोली, मौत

ग्वालियर के कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन शाखा में पदस्थ एक बाबू की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई है। बाबू अपने दो बेटी, एक बेटा, पत्नी के साथ कमरे में सो रहा था। अचानक रात 2 बजे धमाके की आवाज से परिजन की नींद टूटी। बेड पर बाबू लहूलुहान पड़ा हुआ था। हार्ट के नीचे पेट में गोली लगी थी।
मुंह से भी खून आ रहा था। सीने पर अन्य जगह भी छर्रे लगे हुए थे मौके पर ही युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल संदिग्ध होने पर जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्पॉट से कोई हथियार नहीं मिला है। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
यह है पूरा मामला
- थाटीपुर के तृप्ति नगर निवासी 58 वर्षीय रविदत्त दुबे पुत्र ओमप्रकाश दुबे कलेक्टोरेट के निर्वाचन शाखा में बतौर क्लर्क पदस्थ हैं। खाना खाकर अपने परिवार के साथ सोए थे। कमरे में उनकी पत्नी भारती, बड़ी बेटी कृतिका दुबे, छोटी बेटी 17 वर्षीय सलोनी, बेटा 12 वर्षीय रूपेन्द्र सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक कमरे में धमाके की आवाज आई और जब सभी जागे तो बिस्तर पर रवि के पेट व मुंह से खून निकल रहा था। जब उनको चेक किया तो वह दम तोड़ चुके थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक एक्सपर्ट की जांच के बाद शव को डेड हाउस भेज दिया गया था। जहां गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया है। मृतक के परिजन ने बताया है कि उन्हें नहीं पता कैसे गोली लगी है। रात को उनका डॉग घर में घूमता रहता है। पर घटना के बाद देखा तो व छत पर था। हो सकता है वह छत पर किसी आवाज के बाद गया हो और हवा से दरवाजा बंद हो गया हो।
इसलिए घटना को आत्महत्या मान रही पुलिस
- घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को वहां कोई हथियार व चली हुई गोली नहीं मिली है। साथ ही रूम भी ऐसा नहीं है कि सड़क चलता कोई गोली मार दे। अंदर की तरफ रूम है। इसके अलावा कमरे में कोई खिड़की नहीं है। घर के मुख्य दरवाजा भी बंद था। कमरे में 5 लोग सो रहे थे और किसी ने भी गोली चलाने वाले को नहीं देखा। इतना ही नहीं वहां कोई हथियार भी नहीं मिला है। परिजन ने किसी पर हत्या की आशंका भी नहीं जताई है। एक्सपर्ट ने भी पुलिस को इशारा किया है कि जिस तरह से गोली लगी है वह काफी करीब से लगी है। जैसे खुद मारी हो। पर सवाल यह उठता है कि यदि यह आत्महत्या है तो हथियार कहां चला गया। पुलिस को संदेह है कि परिवार में से किसी ने उसे छुपाया है। अब पुलिस छुपाने का कारण पता नहीं कर पा रही है।
बेटी का पति से चल रहा है विवाद
- पुलिस पड़ताल में पता चला है कि बड़ी बेटी की शादी राम मोहन शर्मा निवासी भिंड से हुई थी। उसका पति से विवाद चल रहा है और वह अपने मायके में रह रही है। थाना प्रभारी आरबीएस विमल का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।