कटनी बनेगा उड़ीसा का जगन्नाथ धाम, 16 जुलाई को धूमधाम से निकलेगी भव्य एवं विशाल रथ यात्रा, महोत्सव को सफल बनाने तैयारियां तेज, बैठक में सौंपी गई जिम्मेदारियां

कटनी, यशभारत। भारतीय सनातन संस्कृति में महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के महाप्रसाद की महिमा अपरंपार है। धर्मग्रंथों और लोक-मान्यताओं में कहा गया है — जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ। यानी जिसके सामने पूरी दुनिया हाथ फैलाती है, वह नारायण अपने भक्तों को देने के लिए स्वयं रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलते हैं और उनके धाम में मिलने वाले ‘भात’ (चावल के महाप्रसाद) को पाने के लिए राजा हो या रंक, हर कोई हाथ पसारे खड़ा रहता है।
इसी पावन और अटूट श्रद्धा को समेटे, कटनी शहर में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव 2026 का आयोजन आगामी 16 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है। पिछले साल की तरह इस साल भी कई मनमोहक और आकर्षक झांकियां रथ यात्रा में शामिल की जा रही है। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सरावगी, सचिव शिव सोनी, रथ यात्रा महोत्सव के अध्यक्ष विजय ठाकुर, सह सचिव विजय पटेल, कोषाध्यक्ष शिशिर टुड़हा ने बताया कि रथ यात्रा महोत्सव की शुरुआत विशाल वाहन रैली के साथ 15 जुलाई को होगी। 16 जुलाई को भव्य रथ यात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया है। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सब्जी मंडी स्थित राधाकृष्ण मन्दिर पहुंचकर समाप्त होगी। इसी कड़ी में 23 जुलाई को जानकी जी की वापसी रथ यात्रा, 24 जुलाई को श्री जी सेवा संकीर्तन रंगारंग भजन कार्यक्रम शाम 6 बजे से, 25 जुलाई को शाम 6 बजे से समधुर रसमय भजन संध्या, 26 जुलाई को बजरंग बाल रामायण समाज द्वारा एक शाम जगन्नाथ प्रभु के नाम आयोजित की जाएगी। 27 जुलाई को सुबह 10 बजे से हवन, पूजन, ब्राम्हण भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। महाप्रभु की इस विशेष कृपा और 7 दिवसीय उत्सव की सुनियोजित रूपरेखा तैयार करने के लिए मंदिर प्रांगण में बैठक भी आयोजित की गई।
मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के साथ जब मौसी के घर जाते हैं, तो भक्तों का वात्सल्य उमड़ पड़ता है। इस व्यवस्था को सहेजने और महोत्सव में सेवा का संकल्प लेने के लिए शिव शक्ति महिला मिलन ग्रुप, कटनी द्वारा शहर की समस्त मातृशक्तियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। मां शक्तियों की उपस्थिति इस धार्मिक आयोजन को और भी अधिक संवेदनशील, अनुशासित और भक्तिमय बनाएगी। मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद सरावगी ने कटनी के समस्त धर्मप्रेमियों से अपील की है कि महाप्रभु के इस काज में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। आइए, इस बैठक में सम्मिलित होकर रथ यात्रा महोत्सव को दिव्य बनाएं और महाप्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य करें।







