मध्य प्रदेशराज्य
कटनी की युवती से दरिंदगी: दो युवकों ने किया अपहरण, मारपीट और गैंगरेप, दमोह घाटी में फेंका, आरोपी गिरफ्तार
दमोह। कटनी जिले की एक युवती के साथ अमानवीय घटना सामने आई है, जहां दो युवकों ने मिलकर उसका अपहरण किया, बेरहमी से मारपीट की और बलात्कार जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम देने के बाद जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में फेंककर फरार हो गए।
घटना जबेरा थाना अंतर्गत सिग्रामपुर चौकी क्षेत्र के तेलन घाटी की है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और गंभीर अवस्था में पाई गई युवती को जबेरा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़िता के सिर और हाथ में गंभीर चोटें पाई गई हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और तेंदूखेड़ा एसडीओपी देवी सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी कटनी जिले के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, युवकों ने पहले युवती का अपहरण किया, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। बाद में उसे जान से मारने की नीयत से जंगल में फेंक दिया।







