दमोह। जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दमोह देहात थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुश्की बाबा मंदिर के पास पानी की टंकी के समीप एक किराए के मकान में संचालित ऑनलाइन सट्टा अड्डे पर दबिश दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी WINBUZZ नामक ऑनलाइन साइट के माध्यम से सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। इस कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 7 ऑनलाइन गेम संचालित करने वाले और 2 स्थानीय संचालक शामिल हैं।
बरामद सामग्री
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नगदी बरामद की है, जिनमें—
26 एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग ₹3,50,000)
20 सिम कार्ड
2 लैपटॉप (₹60,000)
2 एयरटेल ब्रॉडबैंड राउटर (₹15,000)
एक स्कॉर्पियो-एन कार (₹18,00,000)
नगद ₹8,00,000
कुल जब्त संपत्ति की कीमत ₹30,26,000 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के लोग शामिल हैं, जो संगठित तरीके से इस अवैध कारोबार को चला रहे थे।