उल्दन बाँध ओवरफ्लो: कई पुल डूबे, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, देखें वैकल्पिक मार्ग

सागर यश,भारत l बंडा वृहद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत निर्मित उल्दन बांध में लगातार बारिश के चलते जलस्तर क्रस्ट लेवल 451 मीटर से ऊपर पहुंच गया। इसके बाद 21 अगस्त की मध्यरात्रि से बांध ओवरफ्लो होना शुरू हो गया। बांध में पानी बढ़ने से बांध के पीछे बना अस्थायी मार्ग तथा सागर-धामोनी मार्ग पर ग्राम बहरोल में स्थित पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
इसके अलावा बंडा-बांदरी मार्ग और नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग पर स्थित पुल भी पहले ही डूब चुके हैं। जलभराव के कारण इन मार्गों पर आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने राहगीरों से डूबे हुए मार्गों का उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की अपील की है।
बंडा-बांदरी मार्ग के लिए वैकल्पिक मार्ग: साजी तिराहा से पड़वार-राखसी-मड़ैया गोंड-बहेरिया साहनी होते हुए बांदरी पहुंचा जा सकता है। दूसरा मार्ग साजी तिराहा से पड़वार-तिनसुआ-सड़ेरी-बहेरिया साहनी होते हुए बांदरी का है।
नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग के लिए: नीमोन से पड़वार-राखसी-मड़ैया गोंड-कुल्ल होते हुए पिपरिया इल्लाई पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा नीमोन-पड़वार-तिनसुआ-सड़ेरी-बहेरिया साहनी-कुल्ल मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है।
सागर-धामोनी मार्ग के लिए: धामोनी अथवा टीकमगढ़ की ओर से आने वाले राहगीर बहरोल के बजाय बांदरी मार्ग का उपयोग कर सागर पहुंच सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले पुलों और मार्गों पर जोखिम लेकर आवागमन नहीं करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।







