जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

उज्जैन की फर्जी फर्म ने मोबाइल कारोबारी को लगाया ₹2.5 लाख का चूना; ठग की तलाश में जबलपुर पहुंची पुलिस व पीड़ित

जबलपुर यश भारत।  झाबुआ जिले के थांदला में एक मोबाइल व्यापारी के साथ ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। सस्ते दामों पर नामी कंपनियों के मोबाइल उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक शातिर ठग ने व्यापारी से ₹2,52,680 ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए और रकम हाथ लगते ही अपना फोन बंद कर फरार हो गया। ठग के तार जबलपुर से जुड़े होने की आशंका पर पीड़ित व्यापारी अपने सहयोगियों के साथ जबलपुर पहुंचे हैं।

व्हाट्सऐप के जरिए बुना ठगी का जाल

जानकारी के अनुसार, थांदला के जवाहर मार्ग स्थित ‘गुरु मोबाइल’ के संचालक रवि गादिया को व्हाट्सऐप के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को उज्जैन की “गेलेक्सी मोबाइल” फर्म का व्यापारी बताया। उसने रवि को बाजार से काफी कम कीमत पर 20 वीवो (Vivo) मोबाइल फोन उपलब्ध कराने का आकर्षक ऑफर दिया। चूंकि रवि खुद मोबाइल व्यापार से जुड़े हैं, इसलिए वे आरोपी के झांसे में आ गए।

खाते में ट्रांसफर कराए पैसे, फिर हुआ फरार

सौदे के मुताबिक, रवि गादिया ने आरोपी द्वारा दिए गए बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों में कुल 2,52,680 रुपये ट्रांसफर कर दिए। राशि जमा होने के बाद भी जब तय समय पर मोबाइल की डिलीवरी नहीं हुई, तो रवि ने संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन तब तक आरोपी अपना मोबाइल नंबर बंद कर चुका था। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल थांदला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

सुराग तलाशते हुए जबलपुर पहुंचे पीड़ित

तकनीकी जांच और सूत्रों से मिले सुराग के आधार पर ठगी के तार जबलपुर से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इसी सिलसिले में पीड़ित व्यापारी और उनके साथी बुधवार को जबलपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई। पीड़ितों ने पुलिस को ठग का मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन की रसीदें और व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट सौंपे हैं।

पुलिस का बयान: साइबर सेल और पुलिस टीम इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बैंक खातों के रिकॉर्ड और मोबाइल नंबरों की तकनीकी लोकेशन के आधार पर आरोपियों को दबोचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button