मध्य प्रदेशराज्य

​”आशियाने उजाड़कर कैसा विकास?”— केन-बेतवा के विस्थापितों की दिल्ली दरबार में हुंकार, विस्थापितो ने  राहुल गांधी से मिलकर सुनाया दर्द ….कांग्रेस पार्टी ने पूर्ण समर्थन का दिलाया भरोसा

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/मध्य प्रदेश के सागर संभाग अंतर्गत पन्ना जिले सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों के विस्थापित आदिवासी समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापन का दंश झेल रहे सत्याग्रही आदिवासियों ने परियोजना से उत्पन्न विस्थापन के संकट, अपनी जमीनी समस्याओं और प्रशासनिक चुनौतियों को उनके समक्ष प्रमुखता से रखा। राहुल गांधी ने आदिवासियों की पीड़ा को गहराई से समझा और उनके हक व न्याय की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी के पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया।

Screenshot 20260813 203039.WhatsApp

डूब में आ रहे पन्ना व आसपास के सदियों पुराने गांव, आशियाने उजाड़ने से उपजा असंतोष

 

केन-बेतवा लिंक परियोजना के निर्माण के चलते सागर संभाग के पन्ना जिले एवं बुंदेलखंड अंचल के दर्जनों गांवों और आदिवासी बस्तियों के डूबने का खतरा पैदा हो गया है। सदियों से जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर इन परिवारों का कहना है कि परियोजना के कारण उनके घर-मकान उजड़ रहे हैं और उनकी आजीविका पर सीधा प्रहार हुआ है। उचित पुनर्वास व्यवस्था और पारदर्शी संवाद के अभाव में विस्थापितों को अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए सत्याग्रह की राह चुनने पर मजबूर होना पड़ा है।

शांतिपूर्ण सत्याग्रह पर पुलिसिया कार्रवाई का विरोध

प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान आरोप लगाया कि अपनी जायज मांगों—जैसे न्यायपूर्ण मुआवजा और सम्मानजनक पुनर्वास—को लेकर किए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार द्वारा विस्थापितों की समस्याओं का संवाद के जरिए समाधान निकालने के बजाय पुलिस बल का प्रयोग किया गया है, जो कि लोकतंत्र और मानवाधिकारों के सिद्धांतों के विपरीत है।

‘जल, जंगल और जमीन’ केवल संसाधन नहीं, आदिवासी समाज की जीवनरेखा

 

मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल भौतिक संसाधन नहीं हैं, बल्कि ये देश के मूल निवासी आदिवासी समाज की संस्कृति, स्वाभिमान और जीवनशैली की मूल जीवनरेखा हैं। उन्होंने पन्ना और अंचल से आए विस्थापितों को आश्वस्त करते हुए स्पष्ट किया कि भारत के पहले मालिकों के सम्मान, अधिकारों और न्याय के इस संघर्ष में कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ उनके साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की आवाज को हर मंच पर उठाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button