आवासीय परिसर के नोटिस बोर्ड पर समुदाय विशेष को प्राथमिकता का आरोप शिकायतकर्ता ने हबीबगंज थाने में आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की

आवासीय परिसर के नोटिस बोर्ड पर समुदाय विशेष को प्राथमिकता का आरोप
शिकायतकर्ता ने हबीबगंज थाने में आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की
भोपाल, यश भारत। हबीबगंज थाना क्षेत्र के 12 नंबर स्टाफ आवासीय परिसर स्थित ब्लॉक सी 3 में लगाए गए एक कथित नोटिस बोर्ड को लेकर विवाद सामने आया है। एक व्यक्ति ने थाना हबीबगंज में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि नोटिस बोर्ड पर मकान किराए या विक्रय के दौरान एक समुदाय विशेष को प्राथमिकता देने की बात लिखी गई है। शिकायतकर्ता ने इसे समुदाय के आधार पर भेदभाव बताते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता प्यारे खान उर्फ शमशो अहमद खान ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा है कि शाहपुरा हल्के में उनके दादा स्वर्गीय नूर मोहम्मद के नाम 150 एकड़ से अधिक भूमि थी। उनके अनुसार सार्वजनिक उपयोग के लिए प्रशासन द्वारा भूमि अर्जित की गई थी जिस पर बाद में प्लॉट विकसित कर लोगों को लीज पर दिए गए। उन्होंने कहा कि उनके दादा ने सार्वजनिक उपयोग के लिए भूमि दिए जाने पर कभी आपत्ति नहीं की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी परिसर में सोसाइटी के सदस्यों की ओर से एक नोटिस बोर्ड लगाया गया है जिसमें किराए या बिक्री के दौरान एक समुदाय विशेष को प्राथमिकता देने संबंधी शर्त का उल्लेख है। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस तरह की शर्त से अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ भेदभाव की स्थिति बनती है। उन्होंने पुलिस से नोटिस बोर्ड लगाए जाने की परिस्थितियों इसे लगाने वाले लोगों और उनकी मंशा की जांच करने की मांग की है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि भोपाल शांति और भाईचारे के लिए जाना जाता है, ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियों से सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है।
शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। हालांकि मामले में पुलिस की ओर से जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







