आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर वन विभाग के लिपिक के घर EOW की दबिश

मंडला,यशभारत। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के बाद जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की टीम ने बुधवार सुबह मंडला में वन विभाग के लिपिक के आवास पर दबिश दी। ईओडब्ल्यू की कार्रवाई पश्चिम सामान्य वन मंडल मंडला में पदस्थ लिपिक स्वेतांक चौरसिया के राज राजेश्वरी वार्ड स्थित घर पर की गई। टीम के पहुंचते ही अधिकारियों ने आवास में मौजूद दस्तावेजों और संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, जबलपुर ईओडब्ल्यू को स्वेतांक चौरसिया के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद टीम ने उनके आवास पर कार्रवाई की। सुबह से चल रही जांच के दौरान ईओडब्ल्यू के अधिकारी घर में उपलब्ध दस्तावेज, बैंक संबंधी रिकॉर्ड, संपत्ति के कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं। अधिकारी लिपिक की घोषित आय और उसके आधार पर अर्जित संपत्तियों के बीच संभावित अंतर का मिलान कर रहे हैं। जांच में संपत्ति खरीद, निवेश और अन्य आर्थिक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को भी देखा जा रहा है। टीम द्वारा उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संबंधित संपत्तियां उनकी वैध आय के अनुपात में हैं या नहीं। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही लिपिक की कुल संपत्ति और आय से संबंधित स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच और आवश्यक जानकारी जुटाने की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई को लेकर विभागीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।







