आखिरी दिन जोड़ने थे सवा लाख मेंबर, 20 हजार पर अटक गई सुई !
पहला चरण खत्म, 4 लाख में बन पाए केवल 1 लाख 45 हजार सदस्य, अब 2 अक्टूबर से फिर होगी कवायद

कटनी ( आशीष सोनी )। भारतीय जनता पार्टी को सदस्यता अभियान के पहले चरण के अंतिम दिन प्रत्येक बूथ पर 100 सदस्य जोड़ने के हिसाब से जिले के 1168 बूथों पर 1 लाख 16 हजार 800 सदस्य बना लेने थे, लेकिन अपनी इस योजना में पार्टी को कामयाबी नहीं मिल पाई। एक दिन के महा सदस्यता अभियान में बमुश्किल 15 से 20 हजार सदस्य ही जोड़े जा सके। कटनी जिले में 1 लाख सदस्य बना लेने के आंकड़ों का एलान तो तीन दिन पहले ही प्रदेश बीजेपी के सरदार वीडी शर्मा ने भोपाल में कर दिया था, लेकिन इसके बाद पार्टी चारों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 45 हजार सदस्य ही जोड़ पाई, इसमें अंतिम दिन का टारगेट तो फ्लॉप ही रहा। पहले चरण के 23 दिनों में पार्टी 1 लाख 45 हजार 909 सदस्य बना लेने का दावा कर रही है। दूसरे चरण में पार्टी को 14 दिन ही मिलेंगे, इसमें उसे ढाई लाख से ज्यादा सदस्य अपनी विचारधारा से जोड़ने होंगे तब जाकर कटनी जिले के लिए तय किया गया 4 लाख का लक्ष्य पूरा हो पाएगा।
दरअसल इस बार कार्यकर्ता सदस्यता अभियान को लेकर उत्साहित नहीं है। ऊपर से मिल रहे दबाव और राजनीतिक नियुक्तियों की लालच में कार्यकर्ता अपना कोटा तो पूरा कर रहे हैं लेकिन पिछले सदस्यता अभियान जैसा समर्पण काफूर है। पार्टी ने नियम बना दिया है कि जो 50 सदस्य बनाएगा, उसे ही सक्रिय सदस्यता मिल पाएगी, इस वजह से लोग अपने हिस्से के 50 सदस्य बनाकर इससे आगे रुचि नहीं ले रहे, केवल जिला संगठन और मंडलों के पदाधिकारी ही काम पर लगे हैं। कार्यकर्ताओं के साथ समस्या यह है कि लोकसभा चुनाव के बाद से जनता में भाजपा को लेकर नीरसता आ चुकी है, ऐसे में लोग खुद से बीजेपी से जुड़ने को उत्साहित नहीं। अब की स्थिति में कार्यकर्ता प्रेशर देकर मिस्डकॉल करा रहे हैं। राह चलते लोगों, ऑटो रिक्शे वालो, दुकानदारों, घर घर जाकर लोगों को पकड़ पकड़ कर किसी तरह लक्ष्य पूरा किया जा रहा है।
वीडी के क्षेत्र में प्रेशर अधिक, टारगेट पूरा नहीं हुआ तो जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर खतरा
पार्टी के सूत्र बता रहे हैं कि सदस्यता अभियान का टारगेट पूरा नही हुआ, तो इसकी गाज जिलाध्यक्ष पर गिरना तय है। वजह है कटनी जिले की सदस्यता के प्रदर्शन से खुद प्रदेश भाजपा के मुखिया वीडी शर्मा की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। वे इस इलाके से सांसद है, ऐसी सूरत में उनकी सीधी नजर यहां रहती है। मौजूदा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन भी उनकी ही पसंद हैं और जिला संगठन में सारी जमावट भी वीडी और उनके खास सिपहसालारों ने अपने अनुकूल कर रखी है, ऐसे में अभियान के नतीजे गड़बड़ आए तो संगठन चुनाव के बहाने कइयों की पतंग कटना तय है। वैसे भी सदस्यता अभियान में एकरूपता नजर नहीं आई। विधायक अपनी चाल चलते रहे, संगठन अपनी चाल। विधायकों के साथ जिलाध्यक्ष की पटरी न बैठने का असर भी संगठन के दैनिंदन के कामकाज में कई बार महसूस किया जा चुका है।
ये हैं पहले चरण के आंकड़े
पहले चरण के जो आंकड़े सामने आए हैं उसके मुताबिक विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सबसे आगे रहे हैं। बड़वारा क्षेत्र में पार्टी सबसे कम सदस्यों को जोड़ पाई। पार्टी ने 2 सितंबर से राष्ट्रीय स्तर पर सदस्यता अभियान की शुरुआत की थी। पहला चरण कल 25 सितंबर को पूरा हो चुका है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अभियान के पहले चरण का समापन हुआ। भाजपा के जिला कार्यालय से सदस्यता के पहले चरण की जो जानकारी प्रदेश कार्यालय को भेजी गई है उसके मुताबिक विजयराघवगढ में अब तक 43068, बहोरीबंद में 40715, मुड़वारा में 32322 तथा बड़वारा में 27804 लोगों को मिस्डकॉल के जरिए भाजपा से जोड़ा जा चुका है। गौरतलब है कि पार्टी ने जिले में 4 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इस आंकड़े को पूरा करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख सदस्य बनाए जाने हैं।
दूसरा चरण 2 अक्टूबर से, पूरा करेंगे लक्ष्य : सुनील उपाध्याय
इस सिलसिले में जब पार्टी के महामंत्री और सदस्यता अभियान प्रभारी सुनील उपाध्याय से बात की गई तो उनका कहना था कि कार्यकर्ताओं की लगन और मेहनत के बल पर अब तक 1 लाख 45 हजार के आंकड़े को छू लिया गया है। 2 अक्टूबर से अभियान का दूसरा चरण शुरू हो रहा है जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद सक्रिय सदस्यता की बारी आएगी। उन्होंने दावा किया कि हर हाल में लक्ष्य को पूरा करेंगे।
