आईजी और डीआईजी भी पहुंचे कैमोर, भरी पुलिस बल तैनात, हालात काबू में करने की कोशिश, हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अब भी आक्रोश

कटनी, यशभारत । कैमोर में गोली मारकर नीलू रजक नामक युवक की सनसनीखेज हत्या के बाद बिगड़े माहौल को देखते हुए आईजी और डीआईजी भी कटनी आकर कैमोर पहुंच चुके हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IG) प्रमोद वर्मा दोपहर बाद स्वयं कटनी पहुंचे। वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अतुल सिंह पहले से ही कैमोर में मौजूद रहकर हालात पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। इस बीच कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी भी हालातों का जायजा लेने और संबंधित पक्षों से चर्चा करने कैमोर पहुंचे तो आक्रोशित भीड़ ने उन्हें भी घेरकर नारे लगाए। 
सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए क्षेत्र में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।








