अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्यवाही : सानौधा में 1.32 लाख की शराब सहित कार जब्त

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में अवैध शराब के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने की दिशा में सागर जिला पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल द्वारा जिले के निर्देश पर थाना सानौधा पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 1.32 लाख की अवैध शराब तथा इसके परिवहन में उपयोग की जा रही आर्टिका कार को जब्त करने में सफलता हासिल की है।
सानौधा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री की रोकथाम के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
शनिवार 2 अगस्त को थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर को को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की मारुति आर्टिगा कार (MP15 ZF 4779) में भारी मात्रा में अवैध शराब दमोह से सागर की ओर लाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक बालाराम छारी के नेतृत्व में टीम रवाना कर सानौधा तिराहा पर घेराबंदी की गई।पुलिस को देखकर उक्त वाहन तेज़ गति से सानौधा गांव की ओर भागा, जिसे पीछा कर घेराबंदी के माध्यम से रोका गया। वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी के दौरान 22 कार्टूनों में भरी 1100 पाव पावर स्ट्रॉन्ग व्हिस्की कुल मात्रा 198 बल्क लीटर जिसकी अनुमानित कीमत 1,32,000/- रु लगाई गई तथा मारुति आर्टिगा कार MP15 ZF 4779, सफेद रंग अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए को जब्त किया गया।
मौके पर फरार हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश एवं शराब के स्रोत की जांच जारी है।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर उप निरीक्षक बलराम छारी सहायक उप निरीक्षक मुलायम सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक रामचंद्र दुबे तथा आरक्षक राहुल और हेमंत की प्रमुख भूमिका रही। थाना सानौधा पुलिस की यह कार्यवाही जिले में अवैध शराब तस्करी पर लगाम कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण, सशक्त एवं सराहनीय प्रयास है।






