अडानी के अमेहटा प्लांट में हादसा, ईंट गिरने से 2 मजदूर घायल, घटना को छिपाना चाह रहा था कंपनी प्रबंधन

कटनी। एसीसी अडानी प्लांट अमेहटा में किलन में काम कर 2 मजदूरों के घायल होने की जानकारी मिल रही है। प्रथम दृष्टया इसमें प्रबंधन की खामी मानी जा रही है। घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने एकत्रित होकर मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। घायल मजदूरों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कंपनी से मांग की गई है कि इनके इलाज का सारा खर्च वहन करे।
सूत्रों के मुताबिक किलन में काम करते वक्त ईंट गिरने से यह घटना हुई। घटना सुबह 11 बजे की बताई जा रही है। घायल मजदूर का नाम मेहगांव निवासी सतीश पिता किशन कोल बताया गया है। दूसरे घायल का नाम पता नहीं लग सका है। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने हादसे को छिपाने का प्रयास किया और बिना घायलों के परिजनों को सूचित किए एक निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया गया। सतीश कोल के परिजनों को घटना की जानकारी पड़ोस में रहने वाले संतोष कोल ने दी तब उसके परिजन कंपनी के गेट पर पहुंचे। जानकारी छिपाने की वजह से मजदूरों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में विजयराघवगढ़ के एसडीओपी केपी सिंह व थाना प्रभारी रितेश शर्मा, एसआई अनिल पांडे ने मौके पर पहुंचकर स्थिति सम्हाली तथा कंपनी के अधिकारियों से बात कर इलाज की व्यवस्था कराई।
