
दिल्ली में सैनिक स्कूल का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। यहां बच्चों को फौज में भर्ती होने की ट्रेनिंग दी जाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 23 मार्च को, यानी कल शहीद ए आजम भगत सिंह का शहादत दिवस है। 23 मार्च को भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी दी गई थी। 20 दिसंबर को कैबिनेट ने फैसला किया था कि दिल्ली में एक ऐसा स्कूल बनाएंगे, जहां पर बच्चों को फौज में भर्ती होने की ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वह एनडीए, सेना, नेवी और एयरफोर्स में भर्ती हो सकें।
फ्री होगी पढ़ाई
केजरीवाल ने बताया, उस स्कूल का नाम शहीदे आजम भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। उस स्कूल का नाम होगा शहीद भगत सिंह आर्म्ड प्रिपेटरी स्कूल। उन्होंने बताया कि इस स्कूल में पढ़ाई से लेकर सब कुछ फ्री होगा। यह आवासीय होगा। इसमें लड़के और लड़कियों के अलग अलग रहने की व्यवस्था की जाएगी।