मध्य प्रदेशराज्य

बस संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत : परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए, जांच में जुटी पुलिस 

Table of Contents

नरसिंहपुर lजिले के गोटेगांव क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बस संचालक का शव नहर के मोड़ पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोटेगांव निवासी आनंद राय (45 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले को हत्या बताते हुए कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच की बात कह रही है।

जानकारी के अनुसार, गोटेगांव निवासी बस संचालक आनंद राय का शव गुरुवार सुबह आँखीवाड़ा क्षेत्र में नहर के मोड़ पर संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मामले में मनीष त्रिपाठी, एसडीओपी गोटेगांव ने बताया कि घटना को लेकर सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मृतक के बड़े भाई अमित कुमार ने आरोप लगाया कि पप्पू पटेल और बबलू पटेल नामक व्यक्ति जुआ खिलाने का काम करते हैं और उनके भाई को भी जुए में फंसाया गया था। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले पैसे के लेनदेन को लेकर इन लोगों से आनंद राय का विवाद हुआ था, जिसमें गाली-गलौज भी हुई थी। इसके बाद रात में खाना खाने के बहाने उन्हें बुलाया गया और फिर यह घटना हो गई।

मृतक के दूसरे भाई अनूप राय ने बताया कि घटना वाली रात वे लगातार आनंद को फोन लगाते रहे, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। सुबह किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाकर नहर के पास शव पड़े होने की सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आनंद की हालत बेहद गंभीर थी। उनके सिर पर गहरी चोट के निशान थे और एक कान भी क्षतिग्रस्त पाया गया। अनूप राय का आरोप है कि हत्या कहीं और कर शव को नहर के पास लाकर फेंका गया।

वहीं मृतक की बहन प्रतिमा राय ने भी हत्या की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि कपड़ों पर उल्टी के निशान हैं, जबकि घटनास्थल पर उल्टी नहीं मिली, जिससे यह साफ होता है कि वारदात कहीं और हुई है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि गोटेगांव निवासी आनंद राय जो कल रात बड़ी सिमरी में पप्पू पटेल के यहां गए हुए थे। आज सुबह उनका शव आखी वाड़ा नहर अअअ में सड़क के किनारे प्राप्त हुआ है। वहीं उनकी मोटरसाइकिल भी नहर में गिरी हुई मिली है। हमने मर्ग कायम करके जांच प्रारंभ कर दी है। एफएसएल टीम भी बुलाई है। पंचनामा कार्रवाई, पीएम रिपोर्ट और जहां पर यह थे, जिनके साथ थे, समस्त बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है और जैसे तथ्य आएंगे वैसी कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button