कांग्रेस का कचरा समेट रही है भाजपा : दलबदल पर कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया

भोपाल यशभारत (पॉलिटिकल डेस्क)भाजपा द्वारा लगातार करवाये जा रहे दलबदल को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसी ओछी हरकतों के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस का कचरा समेट रही है। इस लिहाज से भाजपा को डस्टबिन की उपाधी दी जाना कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी!
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल में दो किस्म के नेता और कार्यकर्ता होते हैं। एक वे जिन्हें पार्टी की जरूरत होती है और दूसरे वे जिनकी जरूरत पार्टी को होती है। विषम स्थितियों में जो नेता और कार्यकर्ता पार्टी विचारधारा को समर्पित होते हैं, वे हर परिस्थिति में पार्टी के लिए अपना बलिदान तक देने के लिए तत्पर रहते हैं। दूसरी तरफ वे लोग होते हैं जिनका सरोकार विचारधारा से न होकर सिर्फ और सिर्फ अपने धंधेबाजी और स्वार्थपूर्ति के लिए होता है। भाजपा स्वार्थियों के दलबदल को यदि अपनी उपलब्धि मान रही है तो वह गलतफहमी में है। ऐसे लोग, जो कांग्रेस के नहीं हुये, भाजपा के भी नहीं होंगे, उन्हें भविष्य में भाजपा कितना सम्मान देगी आने वाले दिनों में पता चल जायेगा।
श्री मिश्रा ने आगे कहा है कि भाजपा में शामिल हुये कुछ लोग ऐसे हैं जिनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भाजपा से ही ताल्लुक रखती है, उनके परिजन भाजपा से संबद्ध हैं, कुछ लोगों को पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ने के आरोपों के कारण कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया तो कुछ लोग ईडी और आयकर के डर से भाजपा के चरणचुंबक बनने की कोशिश कर रहे हैं तो कुछ लोग अपने धंधों को संरक्षण प्राप्त करने के उद्देश्य से अपनी वल्दियत में परिवर्तन कर रहे हैं, उन्हें हमारी शुभकामनाएं।