जबलपुर में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, ट्रेड डील के विरोध में कलेक्ट्रेट घेराव की कोशिश
पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर में सोमवार को प्रस्तावित यूएस ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट घेराव के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क नजर आया। कलेक्ट्रेट और शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
इस रैली में मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली को संबोधित करते हुए उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित ट्रेड डील किसानों और मजदूरों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय उद्योगों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर तेज किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। यूथ कांग्रेस ने साफ किया कि यह विरोध केवल मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में पूरे देश में प्रदर्शन किए जाएंगे।








