पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, सिर-चेहरे पर गंभीर चोटें

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, सिर-चेहरे पर गंभीर चोटें
जबलपुर, यश भारत। जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कांचघर चौक निवासी 37 वर्षीय अनूप शर्मा ने घमापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अनूप शर्मा ने बताया कि 22 जून की रात करीब 12:30 बजे उन्हें पड़ोसी आकाश सिंह राजपूत से सूचना मिली कि उनके छोटे भाई अविनाश शर्मा पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया है।
शिकायत के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते सम्राट चौधरी उर्फ डॉक्टर, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा और अन्य युवकों ने मिलकर अविनाश पर चाकू से हमला किया। हमले में अविनाश के सिर, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उसके साथ मौजूद निक्की खत्री भी घायल हुआ।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया। घमापुर पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।







