यशभारत ब्रेकिंग- मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वेतन संकट, आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल से बिगड़े हालात
समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है

जबलपुर। जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वेतन भुगतान न होने से नाराज आउटसोर्स कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते अस्पताल की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन भुगतान को लेकर पहले भी प्रबंधन को चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रबंधन की खामोशी से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता गया और अंततः उन्हें हड़ताल पर जाने को मजबूर होना पड़ा।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में आउटसोर्स सेवाओं का ठेका एचएलएल हाइट्स को मिला है, जबकि पेट्री कॉन्ट्रैक्ट के तहत यूडीएस कंपनी कर्मचारी उपलब्ध करा रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदारों और प्रबंधन के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
हड़ताल के कारण वार्ड, ओपीडी और अस्पताल परिसर में गंदगी बढ़ने लगी है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।







