व्यापार में मुनाफे का झांसा देकर महिला से 23 लाख की कथित ठगी, एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता

व्यापार में मुनाफे का झांसा देकर महिला से 23 लाख की कथित ठगी, एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता देखें वीडियो
जबलपुर, यश भारत। शहर के बड़ी ओमती क्षेत्र में व्यापार में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक महिला से 23 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। छोटी खेरमाई मंदिर के पास रहने वाली शिवानी सोनकर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए विनीता खटीक (जांगड़े) और रोहित गुप्ता पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने ड्राई फ्रूट, सुपारी और तेल के कारोबार में निवेश कराने तथा अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिलाकर किस्तों में बड़ी रकम हासिल की। पीड़िता का आरोप है कि शुरुआत में कुछ रकम मुनाफे सहित लौटाकर उनका विश्वास जीता गया, जिसके बाद उन्होंने अपने और अपनी बहन के सोने के जेवर गिरवी रखकर धन उपलब्ध कराया। आरोप है कि विभिन्न माध्यमों से कुल 23 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।
पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि बाद में पता चला कि आरोपियों ने उक्त रकम से मकान, ऑटो और मोटरसाइकिल जैसी संपत्तियां खरीदी हैं। वहीं, पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज और धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिवानी सोनकर का कहना है कि आर्थिक संकट के कारण परिवार गंभीर परेशानियों से गुजर रहा है। उन्होंने व्हाट्सएप चैट, लोन दस्तावेज सहित अन्य साक्ष्य एसपी कार्यालय में प्रस्तुत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है।







