SPMCHP231-2 Image
कटनीजबलपुरमध्य प्रदेश

दो वार्डों में पड़े वोट, कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधा मुकाबला; 5 हजार से अधिक मतदाता चुन रहे पार्षद

महात्मा गांधी और राजेन्द्र प्रसाद वार्ड में उपचुनाव; 9 को होगी मतगणना, ढीमरखेड़ा में जनपद सदस्य के लिए वोटिंग, कई पंचायतों में पंच के लिए हो रहा मतदान

कटनी, यशभारत। नगर निगम के दो वार्डों में पार्षद पद के लिए आज गहमागहमी के बीच चुनाव कराए गए। घने कोहरे और कडक़ड़ाती ठंड के बीच सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। 10 बजे तक केन्द्रों में इक्का-दुक्का ही मतदाता वोट डालने के लिए पहुंच रहे थे लेकिन इसके बाद मतदान में तेजी आई और बड़ी संख्या में पुरूष, महिला एवं युवा वर्ग ने केन्द्रों में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 10 में कांग्रेस पार्षद संदीप यादव गुड्डू का चुनाव शून्य घोषित होने और डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 36 में भाजपा पार्षद मथुरा तिवारी के निधन के उपरांत इन दोनों ही वार्डों में पार्षद का पद रिक्त हो गया था। राज्य निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत इन दोनों ही वार्डों में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। दोनों ही वार्डों में लगभग 5 हजार मतदाता पार्षद पद के लिए चुनाव कर रहे हैं।

इस दौरान दोनों ही वार्डों में शांतिपूवर्क चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। दो वार्डों में पार्षद पद के उपचुनाव के साथ ही जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में क्षेत्र क्रमांक 15 में जनपद पंचायत सदस्य तथा जनपद पंचायत बड़वारा, कटनी, रीठी, विजयराघवगढ़ में रिक्त पंच पदों के लिए भी मतदान कराया जा रहा है। आज मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना 9 जनवरी को कराई जाएगी।

कांग्रेस का परंपरागत गढ़ है महात्मा गांधी वार्ड, राजेन्द्र प्रसाद वार्ड में 1 वोट से चुनाव हारे थे इस्तयाक
महात्मा गांधी वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवार श्रीमती जानकी राजाराम यादव और भाजपा प्रत्याशी सचिन बहरे आमने-सामने हैं। यहां करीब तीन हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। यह वार्ड कांग्रेस का गढ़ है और अब तक हुए सभी चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार ने ही जीत दर्ज की है। पूर्व में इस वार्ड से राजाराम यादव, श्रीमती जानकी यादव एवं संदीप यादव गुड्डू पार्षद रह चुके हैं। भाजपा इस वार्ड में कभी भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। एक साल पहले हुए चुनाव में संदीप यादव गुड्डू ने जीत दर्ज की थी लेकिन उनका चुनाव शून्य घोषित होने के बाद यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं। इसी तरह राजेन्द्र प्रसाद वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवार इस्तयाक अहमद और भाजपा प्रत्याशी लव साहू के बीच सीधा मुकाबला है। यहां 1830 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए नए पार्षद का चुनाव कर रहे हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने यहां से संजय सिंह गोरा को उम्मीदवार बनाया था, जबकि पूर्व पार्षद इस्तयाक अहमद निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे थे और कड़ी टक्कर दी थी लेकिन वे एक वोट से भाजपा उम्मीदवार मथुरा तिवारी से चुनाव हार गए थे। भाजपा पार्षद मथुरा तिवारी के निधन के उपरांत यह सीट रिक्त हो गई थी, जहां आज चुनाव कराया जा रहा है।

8 केन्द्रों पर हो रहा मतदान, 5 हजार मतदाता चुन रहे नए पार्षद
जानकारी के मुताबिक नगर निगम के दोनों ही वार्डों में 8 केन्द्र बनाए गए हैं, जहां आज सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जा रहा है। बताया जाता है कि महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 9 के कनकने स्कूल स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 31, 32, 33 एवं 34 तथा राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 36 के आयुध निर्माणी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मतदान केन्द्र क्रमांक 143, 144, 145 एवं 204 में वोटिंग कराई जा रही है। इन दोनों ही वार्डों में करीब 5 हजार से अधिक मतदाता नए पार्षद का चुनाव कर रहे हैं। जिसमे महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 9 में करीब 3200 एवं राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 36 में 1830 मतदाता शामिल हैं।

कलेक्टर, एसपी ने किया निरीक्षण
नगरीय निकाय उप निर्वाचन हेतु निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आज 5 जनवरी की सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक नगर निगम के दो वार्डो में पार्षद के रिक्त पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। इसके पहले गुरूवार की शाम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद और पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने दोनों ही वार्डों के मतदान केन्द्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री प्रसाद नें निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली सुविधाओं सहित मतदान केन्द्र पहुंच मार्ग, पेयजल, साफ सफाई सहित अन्य समस्त व्यवस्थांए दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त विनोद कुमार शुक्ल, उपायुक्त पवन कुमार अहिरवार, प्रभारी राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस और प्रशासन के चाक चौबंद इंतजाम
नगर निगम के दोनों ही वार्डों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को तैनात किया गया है। महात्मा गांधी वार्ड के कनकने स्कूल स्थित मतदान केन्द्र में सीएसपी ख्याति मिश्रा, कोतवाली टीआई आशीष शर्मा, उपनिरीक्षक रामचंद्र शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Icon
Join Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
SPMCHP231-2 Image