
नई दिल्ली,ईएमएस । आज तय हो जाएगा की एनडीए या विपक्ष के उम्मीदवार में से कौन उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जीतेगा। उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए आज मतदान हो रहा है और शाम को ही मतगणना के बाद चुनाव परिणाम आ जाएगा। सीपी राधाकृष्णन और सुदर्शन रेड्डी में कांटे की टक्कर है और 4 पार्टियां चुनाव का बहिष्कार कर चुकी हैं, जिससे चुनाव समीकरण बिगड़ गया है। उपराष्ट्रपति चुनाव में सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मतदान किया। इसके बाद वे संसद के लिए रवाना हो गए उसके बाद पंजाब के दौरे पर जाने के लिए रवाना होंगे।
देश को आज 15वें उपराष्ट्रपति मिल जाएंगे। ठीक 10 बजे मतदान शुरू हो गया था और वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। उसके बाद 6 बजे मतगणना होगी, फिर चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। मतदान नई दिल्ली में संसद भवन के कमरा नंबर F-101 (वसुधा) में ज़ारी है । बता दें कि गत 21 जुलाई 2025 को जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से पद खाली है, जिसे भरने के लिए आज 9 सितंबर 2025 को मतदान कराया जा रहा है।
बहुमत के लिए 391 वोटों की जरूरत
इस चुनाव में बहुमत के लिए 391 वोटों की जरूरत है। इस बार दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं। राधाकृष्णन तमिलनाडु से जबकि रेड्डी तेलंगाना से हैं। संसद के हालिया मानसून सत्र के दौरान जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि उनका कार्यकाल दो साल बचा हुआ था। इनके इस्तीफे के कारण यह चुनाव हो रहा है।
चुनाव से पहले NDA उम्मीदवार ने किया जीत का दावा
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले एनडीए के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन आज सुबह दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्री राम मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। पूजा-पाठ के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव होने वाला है। यह भारतीय राष्ट्रवाद की एक बड़ी जीत होगी।







