महिला की संदिग्ध मौत पर हंगामा: परिजन शव लेकर पहुंचे घमापुर थाना, हत्या का आरोप लगाकर किया घेराव
जबलपुर, यश भारत

महिला की संदिग्ध मौत पर हंगामा: परिजन शव लेकर पहुंचे घमापुर थाना, हत्या का आरोप लगाकर किया घेराव
जबलपुर, यश भारत। घमापुर थाना क्षेत्र के शीतला माई इलाके में 38 वर्षीय महिला आरती चौधरी की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बीती रात बंद कमरे में फंदे पर महिला का शव मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर परिजन शव लेकर घमापुर थाने पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर दिया। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है और पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे।
थाने के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिजन लगातार कार्रवाई की मांग करते रहे, वहीं पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की। सीएसपी मधुर पटेरिया ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम रमेश डेयरी के पीछे स्थित एक मकान में महिला का शव फंदे पर लटका मिला था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे खुलवाने के बाद पुलिस अंदर पहुंची। मृतका के गले पर फंदे के निशान पाए गए थे। घटना की सूचना महिला के पति ने ही पुलिस को दी थी।







