पटना में पेपर लीक के विरोध में बवाल, छात्रों और पुलिस में झड़प;
लाठीचार्ज व वाटर कैनन का इस्तेमाल

पटना। पेपर लीक के विरोध में बुधवार को राजधानी पटना में छात्र संगठनों का प्रदर्शन उग्र हो गया। एआईएसए के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र डाकबंगला चौराहे से राजभवन की ओर मार्च निकालने लगे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया और पटना आईजी के एस्कॉर्ट वाहन पर भी हमला कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वहीं पटना आईजी ने कानून-व्यवस्था भंग करने वाले प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए।
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, शिक्षा में भ्रष्टाचार और निजीकरण पर रोक, फीस वृद्धि वापस लेने, नॉन-नेट फेलोशिप लागू करने, 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने तथा पटना विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बनाए रखने सहित कई मांगें उठाईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।







