सूने मकान में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश
अमरनाथ यात्रा पर गई हैं महिला

जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी स्थित नर्मदा परिसर में अमरनाथ यात्रा पर गई एक महिला के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और सोने-चांदी के जेवर सहित नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अन्नपूर्णा पांडेय अपनी बहन के साथ अमरनाथ यात्रा पर गई हुई हैं। घर की देखरेख के लिए उन्होंने चाबी पड़ोसी सागर श्रीवास्तव को सौंप दी थी। जब सागर घर पहुंचे तो बाहर का ताला सही मिला, लेकिन अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे।
सागर ने तुरंत अन्नपूर्णा पांडेय को घटना की जानकारी दी और घर का वीडियो भेजा। महिला ने बताया कि अलमारी में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी थी, जिन्हें चोर ले गए। सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।







