दो युवकों ने फांसी लगाकर की खुदकुशी -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

दो युवकों ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
पिपलानी थाना क्षेत्र में एक युवक ने वन विभाग के प्लांटेशन में एक पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वहीं कमला नगर इलाके में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को दोनों मृतकों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि चांदबाड़ी पिपलानी निवासी सोबरन गुर्जर पुत्र भगवान सिंह(37) प्राइवेट नौकरी करता था। वह शुक्रवार दोपहर अपने घर से निकला था, जो वापस नहीं लौटा। कल परेशान परिजनों ने उसकी यहां-वहां तलाश शुरू की तो पता चला कि जम्बूरी मैदान के पास स्थित वन विभाग के प्लांटेशन में एक पड़े से बंधे रस्सी के फंदे पर लटका हुआ है। उसने फांसी लगा ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शुरूआती जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इधर, कमला नगर थाना के हेड कांस्टेबल सुशील द्विवेदी ने बताया कि राजीव नगर झुग्गी निवासी मोहन अहिरवार पुत्र रामप्रसाद(39) मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। कल रात उसने अपनी झुग्गी में रस्सी का फंदा बांध कर फांसी लगा ली। कमरे का गेट खुला होने के कारण एक पड़ोसी ने उसे फांसी के फंदे पर लटका देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि शुरूआती जांच में पता चला है कि मृतक की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी, लेकिन आपसी अनबन के कारण उसकी पत्नी एक साल बाद ही उसे छोडक़र अपने मायके चली गई थी, जब से वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







