भोपाल में दो अलग-अलग घटनाओं में महिला सहित दो लोगों ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस

भोपाल में दो अलग-अलग घटनाओं में महिला सहित दो लोगों ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
भोपाल,यश भारत। राजधानी के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं। दोनों ही घटनाओं की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पहला मामला अशोका गार्डन थाना इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, गौतम नगर निवासी गुलाब सिंह वर्मा पिता हरप्रसाद वर्मा ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। जब परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटके देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर मर्ग दर्ज किया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर खुदकुशी के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
वहीं, दूसरी घटना निशातपुरा थाना इलाके की है। यहाँ रहने वाली 28 वर्षीय महिला लक्ष्मी ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया।
पुलिस का कहना है कि दोनों ही मामलों में घटनास्थलों से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।







