बोर्ड ऑफिस से एमपी नगर थाने तक जाम, रात तक रेंगते रहे वाहन – एक घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहे वाहन चालक, आसपास के मार्गों पर भी बढ़ा दबाव

बोर्ड ऑफिस से एमपी नगर थाने तक जाम, रात तक रेंगते रहे वाहन
– एक घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहे वाहन चालक, आसपास के मार्गों पर भी बढ़ा दबाव
भोपाल, यश भारत । एमपी नगर जोन-1 में रविवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बोर्ड ऑफिस चौराहे से एमपी नगर थाने तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। शाम से शुरू हुआ जाम देर रात तक बना रहा। इस दौरान वाहन चालक काफी देर तक एक ही जगह फंसे रहे और कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से कहीं अधिक समय लगा। बोर्ड ऑफिस चौराहे से एमपी नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने के बाद यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। कुछ ही देर में स्थिति ऐसी हो गई कि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक आगे निकलने के लिए जाम खुलने का इंतजार करते रहे।
आसपास की सड़कों पर भी दिखा असर
मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित होने का असर आसपास की सड़कों पर भी पड़ा। जाम से बचने के लिए कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्तों का रुख किया, जिससे दूसरी सड़कों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। शाम के समय कामकाज से लौट रहे लोगों और बाजार की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
मरीज, कर्मचारी और आम लोग हुए परेशान
एमपी नगर शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। जाम के कारण कार्यालयों से लौट रहे कर्मचारियों, बाजार जाने वाले लोगों और अन्य राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। कई वाहन चालक अपने वाहनों को जाम में फंसा देखकर काफी देर तक इंतजार करते रहे।
लोगों का कहना है कि एमपी नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में व्यस्त समय के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की जरूरत है। लोगों ने मांग की है कि बोर्ड ऑफिस चौराहे से एमपी नगर थाने तक यातायात प्रबंधन की नियमित निगरानी की जाए और जाम की स्थिति बनने पर तत्काल यातायात पुलिस की तैनाती की जाए।






