जबलपुरमध्य प्रदेश

दमोहनाका हत्याकांड के तीन आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

शराब के पैसे को लेकर हुआ था विवाद

जबलपुर,यशभारत। शराब खरीदने के लिए दिए गए पैसों के विवाद में पत्थर से हमला कर एक युवक की हत्या करने वाले तीनों आरोपियों को गोहलपुर पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। यह वारदात मंगलवार सुबह थाना गोहलपुर क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पीछे रैन बसेरा के सामने सीमेंट रोड पर हुई।

मृतक की मां कलावती बाई अहिरवार (55) निवासी खिन्नी मोहल्ला कोतवाली ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र आकाश उर्फ अक्कू अहिरवार (26) ऑटो चालक था। मंगलवार सुबह वह चाय पीने के लिए घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद क्षेत्र के युवकों से जानकारी मिली कि 2-3 लड़के उसे जबरन मेट्रो अस्पताल की ओर ले गए हैं। मौके पर पहुंचने पर आकाश सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी हिमांशु सोनी ने आकाश के सिर पर पत्थर से वार किया, जबकि देव उर्फ भोले और अक्कू अंधरा ने उसे लात-घूंसों से पीटा। बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या का कारण

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक और तीनों आरोपी आपस में दोस्त थे। आरोपियों ने सुबह शराब लाने के लिए आकाश को 500 रुपये दिए थे, लेकिन वह न तो शराब लेकर लौटा और न ही पैसे वापस किए। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश कुमार पाण्डे के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों देवेंद्र झरिया उर्फ देव उर्फ भोले (27),हिमांशु सोनी (23),आकाश उर्फ अक्कू अहिरवार/सोनी (27) सभी निवासी समता कॉलोनी थाना गोहलपुर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपियों को गुरुवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button