नए साल पर हुए हमले में घायल युवक ने तोड़ा दम, सभी आरोपी गिरफ्तार

नए साल पर हुए हमले में घायल युवक ने तोड़ा दम, सभी आरोपी गिरफ्तार
भोपाल,यशभारत। राजधानी के कमला नगर थाना इलाके में नए साल के स्वागत का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर मल्टी में पटाखे फोड़ने को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवक जतिन पाठक की सोमवार सुबह इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मामले में हत्या की धारा बढ़ा दी है। पुलिस ने इस मामले के सभी आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पटाखे जलाने की दूरी को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 1 जनवरी की रात की है। सुमित राउत (20) अपने दोस्तों के साथ मल्टी के नीचे आग ताप रहा था। तभी मोहल्ले के ही प्रकाश, मनीष, सुनील, राहुल और अमित वहां पहुंचे और पटाखे जलाने लगे। सुमित और उसके साथियों ने उन्हें सुरक्षित दूरी पर जाकर पटाखे चलाने को कहा। इसी मामूली बात पर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
लाठी-डंडों और पत्थरों से हुआ हमला
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। इसी दौरान जतिन पाठक के सिर पर डंडे से जोरदार वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। हमले में सुमित राउत को भी गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी सलाखों के पीछे
घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पांच दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद सोमवार सुबह जतिन ने अंतिम सांस ली। कमला नगर थाना पुलिस ने पहले मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, जिसे अब हत्या के मामले में तब्दील कर दिया गया है।







