भोपालमध्य प्रदेश

पीपुल्स मेडीकल कॉलेज के दीक्षांत समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने बांटी डिग्रियां, नैतिक मूल्यों पर दिया जोर

पीपुल्स मेडिकल कॉलेज के दीक्षांत समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने बांटी डिग्रियां, नैतिक मूल्यों पर दिया जोर

भोपाल यश भारत। नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। युवा डॉक्टरों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में करना चाहिए। वे पीपुल्स कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। दीक्षांत समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सा विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में विद्यार्थियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अपने संबोधन में तोमर ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा शिक्षा में तकनीकी दक्षता के साथ साथ नैतिकता अनुशासन और संवेदनशीलता का होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर समाज में विश्वास और सेवा का प्रतीक होते हैं तथा मरीजों के प्रति सहानुभूति और जिम्मेदारी की भावना हर चिकित्सक का मूल कर्तव्य है। उन्होंने नवस्नातक डॉक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान का उपयोग केवल करियर निर्माण तक सीमित न रखें बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। तोमर ने चिकित्सा संस्थानों से भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। समारोह के दौरान कॉलेज प्रबंधन द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. दीपक शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षाविद जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button