पुलिस कमिश्नर ने नशे के अड्डों और अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश

पुलिस कमिश्नर ने नशे के अड्डों और अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना छोला मंदिर क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने और अपराध मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
नशे और अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने शिवशक्ति नगर के खाली प्लॉटों और मंदिर के पीछे नशेडियों के जमावड़े की गंभीर समस्या उठाई। इसके साथ ही गरीब नगर और कल्याण नगर में अवैध जुआ, शराब और ड्रग्स की बिक्री की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सीपी ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा के लिए ‘माइक्रो बीट’ प्रणाली होगी मजबूत
क्षेत्र में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नागरिकों के सुझावों पर अमल करते हुए पुलिस कमिश्नर ने ‘माइक्रो बीट’ व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की उपस्थिति गलियों और मोहल्लों में नज़र आनी चाहिए ताकि अपराधी तत्वों में भय और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा हो।
हेलमेट की शपथ और साइबर सुरक्षा की सीख
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए दोपहिया चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई गई। साथ ही, एक युवक के साथ हुई साइबर धोखाधड़ी की घटना का जिक्र होने पर उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए गए। पुलिस ने अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें।






