मध्य प्रदेश

और नीचे उतरा पारा, सुबह-शाम बढ़ रही सिहरन

तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम

जबलपुर यश भारत। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं का असर जबलपुर में स्पष्ट रूप से महसूस किया जाने लगा है। सुबह और शाम के समय सिहरन बढ़ गई है, जिससे लोगों ने गर्म कपड़े और रजाइयां निकालना शुरू कर दिया है। रातें अब दिनों की तुलना में ज्यादा ठंडी हो रही हैं। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। इस दौरान आर्द्रता 73 प्रतिशत दर्ज की गई।

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस था, यानी तापमान में लगातार गिरावट का क्रम जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 8 से 12 नवंबर के बीच जिले में वर्षा की संभावना नहीं है। हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी बनी रहने से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। दीर्घावधि पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 नवंबर तक वर्षा की संभावना नहीं है।

शहर में तापमान में लगातार गिरावट के साथ सर्दी का असर अब आम जनजीवन पर भी महसूस होने लगा है। बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है, वहीं सुबह की सैर और स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषज्ञों ने किसानों के लिए भी सामयिक सलाह जारी की है। उन्होंने कहा कि किसान खेतों की तैयारी कर बुवाई प्रारंभ करें, बुवाई से पूर्व बीजों का फफूंदनाशी या पीएसबी कल्चर से उपचार अवश्य करें। इसके साथ ही, कटी हुई खरीफ फसलों को वेंटिलेशन वाले सूखे और नमी-रहित गोदामों में सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है ताकि फसल की गुणवत्ता बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button