तत्वों के हौसले बुलंद पार्षद के घर में घुसकर कार में लगाई आग, मोपेड भी जली

जबलपुर यश भारत। शहर में असामाजिक तत्वों के हौसले कितने बुलंद हैं इसका अंदाजा बीती रात गढ़ा थाना क्षेत्र में हुई एक घटना से लगाया जा सकता है। जानकारी के अनुसार शहीद गुलाब सिंह वार्ड की पार्षद और नगर निगम की पूर्व एमआईसी सदस्य हेमलता दिनेश सिंह सिंगरौल के घर में घुसकर बुधवार-गुरुवार की दरमियान रात अज्ञात लोगों ने उनके वाहनों को आग लगा दी। इस घटना में स्कूटी और कार चपेट में आ गई। स्कूटी पूरी तरह से खाक हो गई।
गुरुवार की सुबह पूर्व पार्षद दिनेश सिंह सिंगरौल ने गढ़ा थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी ने उनकी संपत्ति को क्षति पहुंचने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया है। पूर्व पार्षद ने कहा कि अगर कार में आग लग जाती और धमाका हो जाता है तो बड़ी जन और धन की हानि हो सकती थी।
सिंगरौल ने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात करीब 2:30 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घर के कुत्ते ने भौंका तो बाहर आकर देखा की वाहन में आग लगी हुई है। तब उनके किराएदार सहित आसपास के लोग आए और जैसे तैसे आगे को काबू किया। पूर्व पार्षद ने कहा कि घटना से पूरा परिवार दहशत में है।







