बरगी डैम से निकले मां-बेटे के शव, चार साल के मासूम को सीने से लगाए मिली मां के दृश्य देख नम हुईं मंत्री राकेश सिंह की आंखें

बरगी डैम से निकले मां-बेटे के शव, चार साल के मासूम को सीने से लगाए मिली मां के दृश्य को देख नम हुईं मंत्री राकेश सिंह की आंखें
भोपाल यश भारत/जबलपुर। बरगी डैम से मां-बेटे के शव मिलने की दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। रेस्क्यू टीम ने जब शवों को बाहर निकाला तो मां अपने चार साल के बेटे को सीने से लगाए हुए थी। यह मार्मिक दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मां-बेटे की स्थिति देखकर भावुक हो उठे। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को डैम से बाहर निकाला गया। मां अपने मासूम बेटे को इस तरह सीने से लगाए थी मानो आखिरी सांस तक उसे बचाने की कोशिश कर रही हो। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया। कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद हृदयविदारक हादसा है। उन्होंने प्रशासन को मामले की जांच के निर्देश दिए और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।







