भोपालमध्य प्रदेश

अधूरी मोहब्बत की कसक से सजी ‘एक मुलाकात भावनाओं में डूबा सभागार शेखर सुमन और गीतिका त्यागी के प्रभावशाली अभिनय के साथ इंडीमून्स आर्ट्स फेस्टिवल का समापन

अधूरी मोहब्बत की कसक से सजी ‘एक मुलाकात भावनाओं में डूबा सभागार

शेखर सुमन और गीतिका त्यागी के प्रभावशाली अभिनय के साथ इंडीमून्स आर्ट्स फेस्टिवल का समापन

भोपाल यश भारत । रवीन्द्र भवन के हंसध्वनी सभागार में आयोजित चार दिवसीय इंडीमून्स आर्ट्स फेस्टिवल का समापन रविवार को नाटक एक मुलाकात की भावनात्मक प्रस्तुति के साथ हुआ। रंगा थिएटर समूह की इस प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रेम, विरह और अधूरी इच्छाओं की गहराइयों से रूबरू कराया और सभागार को संवेदनाओं की भीगी आभा से भर दिया। नाटक में अभिनेता शेखर सुमन ने अपने सधे और संवेदनशील अभिनय से दर्शकों को बांधे रखा वहीं गीतिका त्यागी ने अमृता प्रीतम के रूप में मौन लेकिन प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। प्रस्तुति की कथा साहिर लुधियानवी और अमृता प्रीतम के अनकहे और अधूरे प्रेम पर आधारित रही, जिसे एक काल्पनिक मुलाकात के जरिए जीवंत किया गया।

भावनाओं की गहराइयों का सशक्त चित्रण

पूरी कहानी एक मुलाकात के इर्द-गिर्द बुनी गई जिसमें संवाद, शायरी और कविताओं के जरिए प्रेम, तड़प, पछतावा और आत्मीय जुड़ाव के विभिन्न रंगों को उकेरा गया। हिंदी, उर्दू और पंजाबी का संगम इस प्रस्तुति को काव्यात्मक ऊंचाई देता नजर आया। मंच पर साहिर की शायरी और अमृता का मौन दोनों के बीच का द्वंद्व दर्शकों के मन में गहराई तक उतर गया।
चरम दृश्य ने किया भावुक

नाटक का चरम एक ट्रंक कॉल के दृश्य के साथ सामने आया,

जहां साहिर के निधन का समाचार पूरे माहौल को शोक में डुबो देता है। अंतिम संवाद मेरी जिंदगी भर की सारी जमा पूंजी तो तुम्हारे पास थी अमृता ने दर्शकों को भावुक कर दिया। यह प्रस्तुति केवल प्रेम कथा नहीं, बल्कि अधूरे एहसासों का जीवंत रंगमंचीय विस्तार बनकर उभरी।

फेस्टिवल के अंतिम दिन रीथिंकिंग थिएटर दर्शक, कहानी, प्रदर्शन और प्रोडक्शन विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। सत्र का संचालन लोकेश गुल्यानी ने किया। इस दौरान सैफ हैदर हसन, रीता वर्मा, डॉ. विनीत कपूर, मधु चौधरी, हरिनारायण चारी मिश्रा और प्रेमशंकर शुक्ला ने थिएटर के बदलते स्वरूप, दर्शकों की भूमिका और समकालीन विषयों पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम में प्रख्यात कार्टूनिस्ट हरिओम तिवारी ने लाइव कार्टून पेंटिंग कर दर्शकों को आकर्षित किया। वहीं परिंदे बैंड ने सुन रहा है ना तू, और ऐ दिल है मुश्किल जैसे लोकप्रिय गीतों को पंजाबी और रॉक अंदाज में प्रस्तुत कर माहौल को ऊर्जावान बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button