बंगाल में शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे, BJP अपना सकती है दो डिप्टी सीएम फार्मूला
रेस में आगे ये नाम

नई दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। उन्होंने चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर हराकर राजनीतिक हलकों में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। इससे पहले 2021 में भी उन्होंने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को कड़ी चुनौती दी थी।
भाजपा नेतृत्व पहले ही संकेत दे चुका है कि पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री राज्य का ही नेता होगा, जो बंगाल की संस्कृति और भाषा से जुड़ा हो। इसी बीच अमित शाह पर्यवेक्षक और मोहन चरण माझी सह-पर्यवेक्षक के रूप में कोलकाता पहुंच चुके हैं। विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा पश्चिम बंगाल में भी दो डिप्टी सीएम वाला फार्मूला अपना सकती है। संभावित नामों में अग्निमित्रा पॉल और निशीथ प्रमाणिक चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए एक महिला और एक उत्तर बंगाल या आदिवासी समुदाय के नेता को उपमुख्यमंत्री बना सकती है।
गौरतलब है कि भाजपा हाल के वर्षों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और बिहार में मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री नियुक्त कर चुकी है। ऐसे में पश्चिम बंगाल में भी इसी रणनीति को दोहराने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक और पार्टी नेतृत्व की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।







